
सीधी/सूरत। सीधी जिले के नकझर खुर्द गांव के 26 वर्षीय युवक के साथ गुजरात के सूरत में एक बदमाश ने पैर के तलवे चटवाए, थप्पड़ मारे और बाल खींचे, वहीं चाकू की नोक पर धमकाया। घटना के दो वीडियो सामने आए हैं।
युवक सूरत में मजदूरी कर रहा था। पहला वीडियो 4 नवंबर की रात उसके वॉट्सऐप और फेसबुक स्टेटस पर अपलोड हुआ। वीडियो में आरोपी युवक के चेहरे पर थप्पड़ मारते और बाल खींचते हुए दिखाई दे रहा है।
दूसरे वीडियो में आरोपी युवक से अपने पैर के तलवे चाटने को कहता है। युवक उसकी बात मानकर अपनी जीभ से तलवे चाटता है। इस दौरान आरोपी गाली-गलौज करता है और युवक का चेहरा सूजा हुआ दिखाई देता है।
युवक के परिजन का कहना है कि वीडियो सामने आने के बाद से उसका मोबाइल बंद है और उनसे कोई संपर्क नहीं हो पा रहा। पिता ने बताया कि उनका बेटा परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य है और मां नेत्रहीन हैं। उन्होंने अनहोनी की आशंका जताई।
परिवार ने बुधवार सुबह करीब 11 बजे बहरी थाना में आवेदन देकर बेटे को खोजने की गुहार लगाई।
थाना प्रभारी राजेश पांडेय ने कहा कि वीडियो और शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। चूंकि वीडियो दूसरे राज्य (गुजरात) का प्रतीत होता है, इसलिए वरिष्ठ अधिकारियों को भी सूचित कर दिया गया है। उन्होंने परिवार को हर संभव मदद का आश्वासन दिया।








