
- पीड़िता ने प्रशासन से यथास्थिति बनाए रखने की मांग की
- ग्रामीणों ने प्रशासनिक हस्तक्षेप पर उठाए सवाल
- क्षेत्र में चर्चा और तनाव का माहौल
अम्बेडकरनगर। भीटी तहसील क्षेत्र के ग्राम सभा भीटी के मजरे बनखोदवा में विवादित भूमि को लेकर नया विवाद सामने आया है। आरोप है कि मामला दीवानी न्यायालय में लंबित होने के बावजूद लेखपाल द्वारा पैमाइश कर कब्जा दिलाने की कार्रवाई की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, बनखोदवा निवासी मालती निषाद ने आरोप लगाया है कि उनकी भूमि से जुड़ा विवाद न्यायालय में विचाराधीन है। इसके बावजूद संबंधित लेखपाल द्वारा दबाव बनाकर मौके पर पैमाइश कराई जा रही है और कब्जा दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।
पीड़िता का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई न्यायिक प्रक्रिया के विपरीत है और इससे मामले की निष्पक्षता प्रभावित हो सकती है। उन्होंने प्रशासन से न्यायालय के निर्णय तक यथास्थिति बनाए रखने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि जब मामला कोर्ट में लंबित है तो प्रशासन को हस्तक्षेप से बचना चाहिए और अंतिम निर्णय तक किसी भी तरह की कब्जा कार्रवाई नहीं होनी चाहिए। घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का माहौल बना हुआ है।









