महिला आयोग की सदस्य गीता बिन्द ने की जनसुनवाई

अम्बेडकरनगर। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य गीता बिन्द की अध्यक्षता में गुरुवार को सर्किट हाउस अम्बेडकरनगर में महिला जनसुनवाई एवं मिशन शक्ति जागरूकता चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले भर से आई महिलाओं ने घरेलू हिंसा, जमीनी विवाद, मारपीट और दहेज उत्पीड़न जैसे मामलों से संबंधित शिकायतें दर्ज कराईं।

जनसुनवाई के दौरान कुल आठ प्रकरण प्रस्तुत हुए, जिन पर महिला आयोग सदस्य ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महिला उत्पीड़न के किसी भी मामले में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और पीड़िताओं को शीघ्र न्याय दिलाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

योजनाओं की समीक्षा में दीं कड़ी हिदायतें

जनसुनवाई कार्यक्रम के उपरांत महिला आयोग सदस्य ने महिला कल्याण, बाल विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सरकार द्वारा चलाई जा रही सभी योजनाओं का लाभ पात्र महिलाओं और बालिकाओं तक पारदर्शिता के साथ पहुंचना चाहिए। मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के प्रयासों की प्रगति की जानकारी भी ली गई।

गीता बिन्द ने कहा कि मिशन शक्ति का उद्देश्य केवल जागरूकता तक सीमित नहीं है, बल्कि यह महिलाओं के आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण का भी प्रतीक है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों से अपील की कि वे महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के लिए संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाएं।

विद्यालय निरीक्षण में मिली अनियमितता

कार्यक्रम के बाद महिला आयोग सदस्य ने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय कटेहरी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था बेहद खराब पाई गई। गंदगी और अव्यवस्था देखकर उन्होंने नाराजगी जताई और संबंधित कर्मचारियों को तत्काल सफाई व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button