मोतिहारी/गया। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को बिहार के चुनावी दौरे पर रहे, जहां उन्होंने पूर्वी चंपारण के मोतिहारी, पिपरा और गया जिले की अतरी विधानसभा में एनडीए प्रत्याशियों के समर्थन में ताबड़तोड़ जनसभाएं कीं।
मोतिहारी की सभा में योगी के भाषण के दौरान कुछ लोग बुलडोजर पर चढ़कर उनका संबोधन सुनते नजर आए, जबकि आसपास के घरों की छतों और टीन शेड पर भी लोगों की भीड़ उमड़ आई।
योगी बोले– “अब बुलडोजर यूपी से बिहार की ओर मुड़ेगा”
मोतिहारी में भाजपा प्रत्याशी प्रमोद कुमार के समर्थन में योगी ने कहा,
“बिहार में निवेश आ रहा है और निवेश की पहली शर्त है– सुरक्षा। यदि अपराधी जीतेगा तो निवेशक और नौजवान दोनों पलायन करेंगे। ऐसे अपराधियों के लिए हमने यूपी में बुलडोजर खड़ा कर रखा है, जो माफिया की कमर तोड़ देता है। अब यही बुलडोजर बिहार की ओर मुड़ने वाला है।”
उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार देश की सुरक्षा की गारंटी है। जो भी भारत की सुरक्षा से खिलवाड़ करेगा, “उसके लिए यमराज का बुलावा तय है।”
“14 नवंबर को फिर बनेगी एनडीए सरकार”
योगी ने कहा कि बिहार की जनता ने पहले चरण में मतदान कर यह तय कर दिया है कि अब ‘लालटेन की धुंधली रोशनी’ में अपराध नहीं होगा, बल्कि एलईडी की रोशनी में जगमगाता बिहार बनेगा।
उन्होंने कहा,
“इस पावन धरती ने मां जानकी को शरण दी, महात्मा गांधी को दिशा दी, और अब यही भूमि तय कर चुकी है कि 14 नवंबर को फिर एनडीए की सरकार बनेगी।”








