प्रतापगढ़ में गांजा तस्कर के घर से 2 करोड़ से अधिक कैश बरामद

पुलिस रेड में मिला 2 करोड़ रुपए से अधिक कैश

घर में सुरंग और गुप्त तहखाना बना रखा था

12 CCTV कैमरों से हर गतिविधि पर रखता था नजर

प्रतापगढ़। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में पुलिस ने शनिवार को एक बड़े गांजा तस्कर राजेश मिश्रा के घर पर छापेमारी कर 2 करोड़ रुपए से अधिक नकदी बरामद की है। पुलिस की इस कार्रवाई ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।

किले जैसा घर, सुरंग से दूसरे मकान तक रास्ता

छापेमारी के दौरान पुलिस को राजेश मिश्रा के घर में गुप्त सुरंग और तहखाना मिला, जो सामने वाले घर तक जाता था। उसका मकान किले जैसा बनाया गया था, जिसमें 12 से अधिक CCTV कैमरे लगे थे। वह कैमरों के जरिये हर आने-जाने वाले व्यक्ति पर नजर रखता था। बिना पहचान वाले व्यक्ति को वह घर में घुसने नहीं देता था, यहां तक कि पड़ोसियों से भी दूरी बनाए रखता था।

40 साल से चल रहा था नशे का कारोबार

जांच में सामने आया कि राजेश मिश्रा का परिवार पिछले 40 वर्षों से गांजा तस्करी में लिप्त था, लेकिन पुलिस को अब तक इसकी भनक तक नहीं लगी थी। राजेश का घर मानिकपुर थाना क्षेत्र के मुंदीपुर गांव में है, जो थाने से मात्र 1 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है।

24 घंटे तक चली नोट गिनती, पुलिसकर्मी थक गए

पुलिस जब राजेश के घर पहुंची तो बोरे और झोले में भरे नोटों के ढेर देखकर दंग रह गई। पुलिसकर्मियों ने जब नोट गिनना शुरू किया तो कुछ देर में गिनते-गिनते थक गए। महिला पुलिसकर्मी भी गर्मी और थकान से पसीना पोंछती नजर आईं। इसके बाद पुलिस ने नोट गिनने की 4 मशीनें मंगवाईं और करीब 24 घंटे तक गिनती का सिलसिला जारी रहा।

जेल से चला रहा था नशे का नेटवर्क

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि राजेश मिश्रा पर 4 आपराधिक केस दर्ज हैं और उस पर गैंगस्टर एक्ट भी लगाया गया है। वह प्रतापगढ़ जेल से ही नशे का कारोबार संचालित कर रहा था। उसकी पत्नी रीना मिश्रा पति के निर्देशों पर गांव और आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई नेटवर्क फैलाने का काम कर रही थी।

पांच लोग गिरफ्तार, पुलिस टीम को मिला इनाम

पुलिस ने इस कार्रवाई में राजेश मिश्रा की पत्नी, बेटे-बेटी सहित कुल 5 लोगों को गिरफ्तार किया है। छापेमारी में शामिल टीम की सराहना करते हुए आईजी संजीव कुमार ने 1 लाख रुपए और एसपी ने 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button