एटा में भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार कार पेड़ से टकराकर पलटी

एटा। जिले में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला। यहां करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ रही एक कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई और तीन बार पलटी खाते हुए सड़क से करीब 15 फुट दूर गड्ढे में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में मामा-भांजे और एक युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

राहगीरों ने दिखाई मानवता

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर आसपास से गुजर रहे राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने साहस दिखाते हुए कार का दरवाजा तोड़ा और अंदर फंसे सभी घायलों को बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और घायलों को एंबुलेंस के जरिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया।

सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो

घटना से जुड़े कुछ वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें एक किशोर जमीन पर तड़पता हुआ दिखाई दे रहा है। वीडियो देखकर हादसे की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है।

शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे

जानकारी के अनुसार, कार सवार सभी लोग गुरुग्राम से मैनपुरी एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। हादसे का शिकार हुई हरियाणा नंबर की कार प्राइवेट कैब बताई जा रही है।

मृतकों और घायलों की पहचान

पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी है। हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान मैनपुरी निवासी शिवम यादव (21), उनके मामा सुमित यादव (23) और गांव की रहने वाली मनकी (19) के रूप में हुई है।

वहीं, हादसे में घायल राहुल (28) और खुशबू (22), दोनों निवासी मैनपुरी, को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button