
दो दिनों से बंद SMS सेवा, मरीजों को रिसीव और हॉस्पिटल ड्रॉप की जानकारी नहीं मिल रही
ईएमआरआई ग्रीन हेल्थ सर्विसेज ने आशियाना थाने में शिकायत दर्ज करवाई
HR हेड राजकमल राय ने बताया, सेवा ठप होने से पूरी व्यवस्था प्रभावित
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की 108 और 102 एम्बुलेंस सेवाओं की SMS सर्विस पिछले दो दिनों से ठप है। इसके कारण मरीजों को रिसीव करने और हॉस्पिटल छोड़ने के बाद कॉलर के नंबर पर जाने वाले सभी मैसेज रुक गए हैं।
संचालन करने वाली संस्था ईएमआरआई ग्रीन हेल्थ सर्विसेज ने आशियाना थाने में शिकायत दर्ज करवाई है। संस्था के अनुसार, केस असाइनमेंट से जुड़े SMS 19 नवंबर शाम 5 बजे से अचानक बंद हो गए, जिससे आपातकालीन सेवाओं पर सीधा असर पड़ा है और कई मरीज समय पर एम्बुलेंस नहीं पा रहे हैं।
HR हेड राजकमल राय ने बताया कि एम्बुलेंस बुक करने पर बुकिंग करने वाले को SMS भेजा जाता है, जिसके आधार पर मरीज को रिसीव और हॉस्पिटल ड्रॉप की प्रक्रिया शुरू होती है। लेकिन सेवा ठप होने से पूरी व्यवस्था प्रभावित हो गई है। संस्था का आरोप है कि कुछ असामाजिक तत्वों ने जानबूझकर यह सेवा बंद कराई है।
साथ ही, SMS World (Alive Mobile Pvt. Ltd.) के खिलाफ FIR दर्ज करवाई गई है। संस्था ने बताया कि इससे पहले भी इस कंपनी पर अधिकृत हस्ताक्षरकर्ता के सिग्नेचर का दुरुपयोग कर SMS सेवा रोकने का आरोप लग चुका है।









