
आगरा। जिले के पिनाहट थाना क्षेत्र के अतैयापुरा गांव में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां कुत्ते के काटने से 5 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। बच्चे को रैबीज के इंजेक्शन लगवाए गए थे, लेकिन इसके बावजूद उसकी हालत लगातार बिगड़ती गई और अंततः इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर है।
घर के बाहर खेलते समय हुआ हमला
मृतक बच्चे की पहचान छोटू (5) के रूप में हुई है। उसके पिता कुंवर सिंह ने बताया कि 9 जनवरी को वह किसी काम से गांव से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान शाम के समय उनका बेटा घर के बाहर खेल रहा था। तभी अचानक एक आवारा कुत्ता वहां पहुंचा और उसने बच्चे पर हमला कर दिया। कुत्ते ने उसके सिर और चेहरे पर काट लिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
अस्पतालों के चक्कर काटता रहा परिवार
घटना के बाद परिजन घायल बच्चे को तुरंत पिनाहट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। बच्चे की मां मनीषा का आरोप है कि वहां डॉक्टरों ने बच्चे को गंभीरता से नहीं देखा और सिर्फ पर्चा बनाकर भेज दिया। इसके बाद परिजन उसे एक निजी अस्पताल ले गए, जहां बाहर से रैबीज के इंजेक्शन खरीदकर लगवाए गए।
हालत बिगड़ने पर दिल्ली तक ले गए परिजन
परिजनों के मुताबिक, बच्चे को तीन रैबीज इंजेक्शन लगाए गए थे, लेकिन उसकी तबीयत में कोई सुधार नहीं हुआ। धीरे-धीरे उसमें रैबीज के लक्षण दिखाई देने लगे और वह असामान्य हरकतें करने लगा। हालत गंभीर होने पर परिवार उसे पहले आगरा और फिर दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल लेकर गया।
इलाज के बाद भी नहीं बची जान
दिल्ली में इलाज कराने के बाद परिजन बच्चे को वापस घर ले आए, लेकिन कुछ ही समय बाद उसकी मौत हो गई। मासूम की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।
स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठे सवाल
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय पर सही इलाज और उचित चिकित्सा सुविधा मिल जाती, तो शायद बच्चे की जान बचाई जा सकती थी। लोगों ने प्रशासन से क्षेत्र में आवारा कुत्तों की समस्या पर जल्द कार्रवाई की मांग की है।









