देश: ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी की सुरक्षा को लेकर पश्चिम बंगाल की राजनीति में नया विवाद खड़ा हो गया है। चुनावी हार के बाद ऐसी खबरें सामने आई थीं कि दोनों नेताओं की Z+ सुरक्षा हटाई जा रही है। हालांकि केंद्र सरकार के सूत्रों ने इन दावों को खारिज करते हुए स्पष्ट किया है कि दोनों नेताओं की सुरक्षा व्यवस्था में कोई कटौती नहीं की गई है।
सूत्रों के मुताबिक, ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी को पहले की तरह Z+ श्रेणी की सुरक्षा मिलती रहेगी। दोनों नेताओं की सुरक्षा में करीब 248 सुरक्षाकर्मी तैनात हैं, जो अलग-अलग शिफ्ट में सुरक्षा का जिम्मा संभालते हैं। अधिकारियों ने बताया कि केवल अतिरिक्त क्षेत्रीय तैनाती और कुछ व्यवस्थाओं को रेगुलेट किया गया है।
जानकारी के अनुसार, Trinamool Congress के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के कोलकाता स्थित हरीश मुखर्जी रोड आवास और कैमक स्ट्रीट कार्यालय के बाहर से अतिरिक्त पुलिस तैनाती हटाई गई है। पहले उनकी आवाजाही से पहले पुलिसकर्मी मार्ग की जांच करते थे और ट्रैफिक नियंत्रित किया जाता था, लेकिन नई व्यवस्था में यह प्रक्रिया समाप्त कर दी गई है।
इसी तरह ममता बनर्जी के आवास के बाहर लगाए गए ‘सिजर बैरिकेड’ भी हटा दिए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि यह केवल क्षेत्रीय सुरक्षा प्रबंधन में बदलाव है और व्यक्तिगत सुरक्षा स्तर में कोई कमी नहीं की गई है।









