
अंबेडकरनगर। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने विभागीय अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण दिशा–निर्देश दिए और कमजोर प्रदर्शन पर नाराजगी भी जताई।
टीकाकरण की धीमी प्रगति पर नाराजगी, हर सप्ताह होगी ओवरड्यू सूची की समीक्षा
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने बच्चों के टीकाकरण की संतोषजनक प्रगति न होने पर असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने निर्देश दिया कि शून्य से पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को सूचीबद्ध कर उनका टीकाकरण समय पर सुनिश्चित कराया जाए।
उन्होंने कहा कि टीकाकरण की ओवरड्यू सूची की प्रत्येक सप्ताह समीक्षा की जाए और जो भी क्षेत्र पीछे है, वहां तुरंत सुधारात्मक कार्रवाई की जाए।
आयुष्मान भारत गोल्डन कार्ड बनवाने में तेजी लाने का निर्देश
जिलाधिकारी ने आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत गोल्डन कार्ड बनाए जाने की धीमी गति पर भी सवाल उठाया। उन्होंने सभी एमओआईसी को निर्देश दिया कि गोल्डन कार्ड के कार्य में तेजी लाई जाए, ताकि अधिक से अधिक लाभार्थियों को निशुल्क उपचार सुविधा मिल सके।
उन्होंने कहा कि इस योजना का फायदा हर पात्र परिवार तक पहुंचना चाहिए।
संस्थागत प्रसव में सुधार, कमजोर प्रदर्शन पर कार्रवाई की चेतावनी
बैठक में संस्थागत प्रसव की स्थिति भी चर्चा का विषय रही। जिलाधिकारी ने सभी एमओआईसी को निर्देश दिया कि अपने-अपने क्षेत्र में संस्थागत प्रसव सुनिश्चित करने के प्रयास तेज करें।









