
लखनऊ। बारिश और बाढ़ का असर अब सीधे लोगों की रसोई पर पड़ रहा है। लखनऊ की सब्जी मंडियों में आवक घटने के चलते टमाटर, शिमला मिर्च, बींस, परवल, कद्दू जैसी सब्जियों की कीमतों में जोरदार बढ़ोतरी देखी गई है। इससे आमजन की जेब पर असर पड़ा है और रसोई का बजट पूरी तरह बिगड़ गया है।
जानिए किन सब्जियों के बढ़े दाम:
-
टमाटर: ₹40 से बढ़कर ₹60 प्रति किलो
-
शिमला मिर्च: ₹160 से बढ़कर ₹200 प्रति किलो
-
लौकी-कद्दू: ₹30 से बढ़कर ₹40 प्रति किलो
-
परवल: ₹120 से बढ़कर ₹160 प्रति किलो
बारिश और बाढ़ बनी कीमतों में उछाल की वजह
सब्जियों की आपूर्ति उत्तराखंड, नासिक (महाराष्ट्र) और पश्चिमी उत्तर प्रदेश से होती है। इन क्षेत्रों में भारी बारिश और जलभराव के कारण फसलें बर्बाद हो गई हैं और ट्रांसपोर्ट ठप हो गया है। इससे थोक मंडियों में आवक घट गई, जिसका असर अब खुदरा बाजार तक पहुंच गया है।
थोक विक्रेताओं ने बताए कारण
नवीन गल्ला मंडी के अध्यक्ष रिंकू सोनकर ने बताया कि शिमला मिर्च, टमाटर और बींस जैसी सब्जियों की आवक सीमित हो गई है। बारिश ने फसल को नुकसान पहुंचाया है और यह स्थिति अभी जल्द सुधरने के आसार नहीं हैं।
आढ़ती राहुल चौधरी ने कहा कि बाढ़ के कारण सड़कों पर पानी भरा है, जिससे ट्रक और गाड़ियां नहीं पहुंच पा रही हैं। खेतों में पानी भरने से फसलें सड़ गई हैं, जिससे आपूर्ति कम हो गई और दाम बढ़ गए।
कब मिल सकती है राहत?
मंडी के जानकारों का कहना है कि जब तक मौसम सामान्य नहीं होता और परिवहन व्यवस्था सुचारू नहीं होती, तब तक सब्जियों की कीमतों में गिरावट की उम्मीद नहीं है।









