विराट किसान मेला : दूसरे दिन कृषि नवाचारों पर किसानों की लगी भीड़

अम्बेडकरनगर। कृषि निदेशक उत्तर प्रदेश द्वारा जारी कार्ययोजना के क्रम में जिलाधिकारी अम्बेडकरनगर के निर्देशन में श्रवण धाम क्षेत्र में आयोजित चार दिवसीय विराट किसान मेला शुक्रवार को दूसरे दिन किसानों की भारी भीड़ के साथ प्रमुख आकर्षण का केंद्र बना रहा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष श्याम सुन्दर वर्मा की उपस्थिति रही, जिन्होंने किसानों से आधुनिक एवं तकनीकी खेती अपनाने का आह्वान किया।

नवीन तकनीक और योजनाओं की विस्तृत जानकारी

मेले में कृषि विभाग द्वारा खाद्यान्न सुरक्षा, किसानों की आय वृद्धि और स्थाई उत्पादन बढ़ाने से जुड़ी नवीनतम तकनीकें प्रदर्शित की गईं। विभिन्न विभागों एवं संस्थानों के विशेषज्ञों ने किसानों को फसल उत्पादन की उन्नत विधियों, पोषक तत्व प्रबंधन तथा वैज्ञानिक खेती के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

उप कृषि निदेशक डा० अश्विनी कुमार सिंह ने बताया कि सोलर पम्प के लिए ऑनलाइन बुकिंग 15 दिसम्बर 2025 तक जारी है। उन्होंने कृषि यंत्रीकरण, मृदा स्वास्थ्य, फसली बीजों के उपयोग और लागत कम करने की रणनीतियों पर भी प्रकाश डाला।

विश्व मृदा दिवस पर विशेष जागरूकता अभियान

विश्व मृदा दिवस के अवसर पर किसानों को सूक्ष्म तत्वों, संतुलित उर्वरक और कीटनाशक के उपयोग के प्रति जागरूक किया गया। मृदा में आर्गेनिक कार्बन की कमी को दूर करने के लिए गोबर खाद, वर्मी कम्पोस्ट और फसल अवशेष प्रबंधन की उपयोगिता बताई गई।
विशेष सत्र में मृदा की सेहत सुधारने के उपाय साझा किए गए और किसानों को मृदा स्वस्थ रखने की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में 20 किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड भी वितरित कर सम्मानित किया गया।

वैज्ञानिक खेती ने बढ़ाया आकर्षण

कृषि विज्ञान केन्द्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डा० रामजीत ने वैज्ञानिक खेती, मौसम आधारित कृषि पद्धतियों और फसल विविधीकरण पर जानकारी दी। किसानों ने इंटरैक्टिव सत्र में खेती से जुड़े अनेक प्रश्न पूछे जिनका विशेषज्ञों ने समाधान भी दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button