14 वर्षों बाद खेल मैदान पर लौटी रौनक

अंबेडकर नगर। नगर पंचायत अशरफपुर किछौछा क्षेत्र में रविवार को 14 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद क्रिकेट प्रतियोगिता की वापसी हुई। लंबे समय तक अवैध कब्जे और अस्थायी निर्माण की चपेट में रहे खेल मैदान पर सरदार पटेल स्मारक क्रिकेट टूर्नामेंट का विधिवत शुभारंभ किया गया। टूर्नामेंट का उद्घाटन सिद्धेश्वर पीठ के महंत और नगर पंचायत अध्यक्ष ओमकार गुप्ता ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।

इस अवसर पर नगर पंचायत के सभासदों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, आयोजक मंडल और बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी मौजूद रहे। आयोजन को नगर क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण खेल गतिविधि के रूप में देखा जा रहा है, जिसने वर्षों से ठप पड़े खेल आयोजनों को फिर से गति दी है।

संघर्ष के बाद मिली सफलता
उद्घाटन समारोह के दौरान सिद्धेश्वर पीठ के महंत ने कहा कि यह टूर्नामेंट नगर पंचायत अध्यक्ष ओमकार गुप्ता के लंबे संघर्ष का प्रत्यक्ष परिणाम है। उन्होंने बताया कि जिस भूमि पर आज क्रिकेट खेला जा रहा है, वह वर्षों तक दबंगों और भू-माफियाओं के कब्जे में रही, जिससे खेल गतिविधियां पूरी तरह बंद हो गई थीं। नगर पंचायत प्रशासन की पहल और लगातार प्रयासों के बाद इस मैदान को मुक्त कराया जा सका।

उन्होंने इसे नगर पंचायत किछौछा के इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया और कहा कि पहली बार खेल के लिए सार्वजनिक भूमि को फिर से उपयोग में लाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button