KGMU में घटिया निर्माण का आरोप: पीली ईंट से बन रहा HRF स्टोर

इंजीनियर-ठेकेदार पर मिलीभगत के आरोप, जांच के आदेश; दोषी पाए जाने पर होगी कार्रवाई

किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) में निर्माण कार्य को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। शताब्दी परिसर में बन रहे एचआरएफ (HRF) स्टोर में घटिया सामग्री इस्तेमाल करने का आरोप सामने आया है। बताया जा रहा है कि इंजीनियर और ठेकेदार की मिलीभगत से आधे से ज्यादा निर्माण कार्य पूरा भी हो चुका है।

रविवार को इस कथित घटिया निर्माण का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें निर्माण में इस्तेमाल की जा रही पीली ईंटों की गुणवत्ता पर सवाल उठाए गए हैं। वीडियो में दिखाया गया है कि ईंटें आपस में टकराने पर आसानी से टूट जा रही हैं।

जानकारी के मुताबिक, शताब्दी के ग्राउंड फ्लोर पर स्थित न्यूक्लियर मेडिसिन विभाग में एचआरएफ स्टोर का निर्माण किया जा रहा है। निर्माण सामग्री, खासकर पीली ईंट, शताब्दी गेट के पास रखी गई है। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने वीडियो बनाकर निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल खड़े किए।

वीडियो वायरल होने के बाद संस्थान के इंजीनियरों और ठेकेदारों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए KGMU प्रशासन ने जांच के आदेश दे दिए हैं।

KGMU के प्रवक्ता डॉ. केके सिंह ने कहा कि पूरे मामले की जांच कराई जाएगी। यदि जांच में आरोप सही पाए गए, तो संबंधित इंजीनियर और ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की संस्तुति की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button