
अम्बेडकरनगर। भूमि और मकान विवाद में पुलिस एवं प्रशासनिक स्तर पर सुनवाई न होने से परेशान एक पीड़ित परिवार ने सोमवार, 15 दिसंबर 2025 को अम्बेडकरनगर कलेक्ट्रेट पहुँचकर आत्मदाह की चेतावनी दी। पीड़ित का कहना है कि यदि उसकी शिकायत पर तत्काल एफआईआर दर्ज कर सुरक्षा नहीं दी गई, तो वह परिवार सहित आत्मघाती कदम उठाने को मजबूर होगा। इस चेतावनी के बाद कलेक्ट्रेट परिसर में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
भूमि विवाद को लेकर गंभीर आरोप
पीड़ित ओम प्रकाश सिंह उर्फ पंकज सिंह, निवासी ग्राम गद्दौपुर हरदासपुर, थाना गोशाईगंज, जनपद अयोध्या ने प्रशासन को दिए गए शिकायती पत्र में बताया कि उसका भूमि और मकान विवाद अंजू पाण्डेय पत्नी हरिओम पाण्डेय से चल रहा है। पीड़ित का आरोप है कि ग्राम गद्दीपुर हरदासपुर स्थित चारागाह की भूमि गाटा संख्या 131 पर अवैध कब्जा कर विद्यालय का निर्माण कराया गया है। अब उसी प्रभाव के चलते उसकी निजी भूमि और मकान पर भी कब्जा करने की साजिश रची जा रही है।
26 नवंबर की घटना का उल्लेख
पीड़ित के अनुसार 26 नवंबर 2025 को अंजू पाण्डेय के भाई विवेक और अनिल, विद्यालय के अध्यापक अमरनाथ मिश्रा, सर्वेश पाण्डेय सहित लगभग 10 लोग दो वाहनों से उसकी जमीन पर पहुंचे और जबरन कब्जा करने का प्रयास किया। विरोध करने पर लाठी-डंडों और सरिया से मारपीट की गई। आरोप है कि इस दौरान उसकी पत्नी के साथ गाली-गलौज की गई और जान से मारने की धमकी दी गई।









