श्रवणधाम मेले से लौट रही डीसीएम हादसे का शिकार, तीन की मौत, पांच घायल

अंबेडकरनगर। जिले में मंगलवार देर रात बड़ा सड़क हादसा हो गया। श्रवणधाम मेले से घर लौट रही एक डीसीएम अहिरौली थाना क्षेत्र के यादव नगर चौराहे के पास गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। भीषण टक्कर में डीसीएम सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

हादसे में एक ही गांव के तीन लोगों की गई जान

हादसे में जान गंवाने वाले और घायल सभी लोग बुलंदशहर जिले के डेबाई थाना क्षेत्र के गांव कमरौवां के निवासी बताए जा रहे हैं। मृतकों में मोनू उर्फ सुधीर, धर्मवीर और डीसीएम चालक शामिल हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।

श्रवणधाम मेले में दुकान लगाकर लौट रहे थे व्यापारी

जानकारी के अनुसार, बुलंदशहर जिले के कमरौवां गांव निवासी मोनू उर्फ सुधीर, धर्मवीर, सतीश, महावीर, विशंभर, राजेश, सत्यपाल सहित अन्य लोग श्रवण क्षेत्र मेले में खजला की दुकान लगाने के लिए नवंबर माह में अंबेडकरनगर आए थे। चार दिसंबर से मेले की शुरुआत हुई थी। मेला समाप्त होने के बाद सभी लोग डीसीएम में सामान लादकर अपने गांव वापस लौट रहे थे।

अटवाई मोड़ पर अचानक सामने आई ट्रैक्टर-ट्रॉली

बीती रात करीब साढ़े दस बजे डीसीएम अहिरौली थाना क्षेत्र के यादव नगर के निकट अटवाई मोड़ पर पहुंची थी। इसी दौरान मोड़ से अचानक गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क पर आ गई। सामने ट्रॉली आते ही डीसीएम चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और डीसीएम सीधे ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button