
मनाली। हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल कुल्लू–मनाली और लाहौल-स्पीति इन दिनों बर्फ देखने आए पर्यटकों से गुलजार हैं। देश के अलग-अलग हिस्सों से बड़ी संख्या में सैलानी यहां पहुंच रहे हैं। बर्फ से ढके पहाड़ों के बीच पर्यटक फोटोशूट, स्कीइंग और स्नो स्कूटर जैसी गतिविधियों का आनंद ले रहे हैं, जिससे पर्यटन कारोबार में फिर से जान आ गई है।
हालांकि, बढ़ती भीड़ के चलते मनाली और लाहौल के कई इलाकों में लंबा ट्रैफिक जाम भी देखने को मिल रहा है।
निचले इलाकों में बर्फ नहीं, फिर भी ऊंचाई वाले दर्रों की ओर रुख
लाहौल-स्पीति के ऊंचे पहाड़ी क्षेत्रों को छोड़ दें तो अभी निचले पर्यटन क्षेत्रों में बर्फबारी नहीं हुई है। इसके बावजूद पर्यटक बर्फ देखने की चाह में रोहतांग पास, ग्रांफू, कोकसर और शिंकुला दर्रा की ओर रुख कर रहे हैं। इससे इन मार्गों पर वाहनों का दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है।
ग्रांफू में डेढ़ किलोमीटर लंबा जाम, वीडियो वायरल
लाहौल-स्पीति के ग्रांफू इलाके में ट्रैफिक जाम की स्थिति गंभीर बनी हुई है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दर्जनों वाहन लंबे समय तक जाम में फंसे नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि मंगलवार और बुधवार को रोहतांग दर्रा सड़क मरम्मत के चलते बंद है। इसी कारण अधिकांश पर्यटक ग्रांफू मार्ग से आगे बढ़ने की कोशिश कर रहे हैं, जिससे करीब डेढ़ किलोमीटर लंबा जाम लग गया। ट्रैफिक को नियंत्रित करने में स्थानीय प्रशासन को कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है।
बर्फ ढोकर बेचने के आरोप, सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
इसी बीच सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो वायरल हुए हैं, जिनमें आरोप लगाया जा रहा है कि मनाली के कुछ इलाकों में गाड़ियों के जरिए बर्फ लाकर समतल स्थानों पर डाली जा रही है और पर्यटकों से पैसे वसूले जा रहे हैं। वायरल 31 सेकेंड के एक वीडियो में एक महिला इस पूरे मामले पर सवाल उठाती नजर आ रही है।
हालांकि, प्रशासन की ओर से इन आरोपों की जांच की बात कही जा रही है और पर्यटकों से अपील की गई है कि वे केवल अधिकृत स्थलों और गतिविधियों का ही उपयोग करें।









