अंबेडकरनगर। संभावित शीतलहर और बढ़ती ठंड को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ज्योत्सना बंधु की ओर से शीतलहर एवं ठंड से बचाव को लेकर विस्तृत एडवाइजरी जारी की गई है। इसमें आमजन, किसान, पशुपालक और संवेदनशील वर्गों के लिए आवश्यक सावधानियां स्पष्ट की गई हैं।
शीतलहर से पहले सतर्कता पर जोर
एडवाइजरी में कहा गया है कि शीतलहर से पहले मौसम संबंधी सूचनाओं पर लगातार नजर रखें। रेडियो, टीवी और समाचार पत्रों के माध्यम से स्थानीय मौसम पूर्वानुमान की जानकारी लेते रहें। पर्याप्त गर्म कपड़े पहनने, कई परतों वाले वस्त्रों के उपयोग और आवश्यक आपातकालीन सामग्री पहले से तैयार रखने की सलाह दी गई है। ठंड के लंबे संपर्क में रहने से सर्दी, जुकाम, नाक से खून जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं, ऐसे में लक्षण दिखाई देने पर चिकित्सकीय परामर्श लेने को कहा गया है।
शीतलहर के दौरान क्या करें
एडवाइजरी के अनुसार शीतलहर के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और अधिक समय तक घर के अंदर रहने का प्रयास करें। ढीले, हल्के और विंडप्रूफ ऊनी कपड़ों की कई परतें पहनने की सलाह दी गई है, ताकि शरीर का तापमान संतुलित रहे। सिर, गर्दन, हाथ और पैरों को पूरी तरह ढककर रखने, दस्ताने, टोपी और मफलर के प्रयोग पर विशेष जोर दिया गया है। शरीर को सूखा रखने और नियमित रूप से गर्म पेय पदार्थ लेने की सलाह भी दी गई है।








