उत्तर प्रदेश परिवहन निगम ने 500 बसों का विशेष संचालन किया

माघ मेला 2026: लखनऊ-प्रयागराज मार्ग पर विशेष बस सेवा

लखनऊ से प्रयागराज के लिए 500 बसों का संचालन

मुख्य स्नान पर्वों पर 200 अतिरिक्त शटल बसें

लखनऊ/प्रयागराज। 03 जनवरी 2026 से प्रयागराज में शुरू हो रहे माघ मेले को लेकर लखनऊ से आने-जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए उत्तर प्रदेश परिवहन निगम ने विशेष इंतजाम किए हैं। परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने बताया कि माघ मेला के दौरान लखनऊ क्षेत्र से प्रयागराज के लिए 500 बसों का विशेष संचालन किया जाएगा। प्रदेश भर में कुल 3800 बसें मेले के लिए लगाई जाएंगी।

मुख्य स्नान पर्वों—मकर संक्रांति, मौनी अमावस्या और बसंत पंचमी—पर भारी भीड़ को देखते हुए 200 अतिरिक्त बसें शटल सेवा के रूप में चलाई जाएंगी। ये बसें मुख्य स्नान पर्वों से दो दिन पहले से एक दिन बाद तक रिजर्व रहेंगी, ताकि लखनऊ से आने वाले श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो।

परिवहन मंत्री ने बताया कि नियमित बस सेवाएं सामान्य रूप से चलती रहेंगी। इसके साथ ही माघ मेला क्षेत्र में यात्रियों की सुविधा के लिए प्रमुख स्थानों पर फ्लेक्स बोर्ड लगाए जाएंगे, जिन पर बसों की उपलब्धता और समय की जानकारी दी जाएगी।

इस वर्ष माघ मेला क्षेत्र में दो अस्थायी बस स्टेशन भी बनाए जा रहे हैं। सभी बसों की समयबद्ध व्यवस्था, साफ-सफाई और संचालन को लेकर अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं, ताकि लखनऊ से आने वाले श्रद्धालु सुरक्षित और सुगम यात्रा कर सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button