
कनाडा : कनाडा में स्टडी परमिट नियमों में सख्ती के बाद विदेशी छात्रों की संख्या में ऐतिहासिक गिरावट दर्ज की गई है। साल 2025 में अंतरराष्ट्रीय छात्रों के लिए जारी नए स्टडी परमिट में भारी कमी आई, जिससे कनाडा अब छात्रों की पहली पसंद नहीं रह गया है।
कनाडा के इमिग्रेशन, रिफ्यूजीज एंड सिटिजनशिप विभाग के आंकड़ों के मुताबिक पूरे 2025 में केवल 75,372 नए स्टडी परमिट मंजूर किए गए। यह आंकड़ा 2024 के मुकाबले करीब 64 प्रतिशत कम है। रिपोर्ट के अनुसार यह गिरावट कोविड काल के स्तर से भी नीचे पहुंच गई है।
सख्त नियमों का असर
कनाडा सरकार ने हाउसिंग संकट और सार्वजनिक सेवाओं पर बढ़ते दबाव को देखते हुए 2024 में स्टडी परमिट पर कड़ा कैप लगाया था। इसके अलावा निजी कॉलेजों और शिक्षण संस्थानों पर निगरानी भी बढ़ाई गई। अप्लाईबोर्ड की रिपोर्ट के अनुसार 2025 में केवल 2.11 लाख नए आवेदन प्रोसेस किए गए, जो पिछले साल की तुलना में 55 प्रतिशत कम रहे। वहीं मंजूरी दर भी 57.9 प्रतिशत से घटकर 35.7 प्रतिशत पर पहुंच गई।
कनाडा के ऑडिटर जनरल और संसदीय समिति ने सरकार की नीति पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि बिना पर्याप्त तैयारी और संवाद के लागू किए गए नियमों से देश की वैश्विक शिक्षा छवि को नुकसान पहुंचा है।









