
अम्बेडकरनगर। जिले के गन्ना उत्पादक किसानों के लिए जायद-2026 में अतिरिक्त आय का अवसर उपलब्ध कराया गया है। राज्य सरकार द्वारा वित्तपोषित निःशुल्क दलहन बीज मिनीकिट वितरण एवं प्रसार कार्यक्रम के तहत गन्ने की खेती करने वाले किसानों को उर्द एवं मूंग के निःशुल्क बीज उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके लिए कृषि विभाग की ओर से ऑनलाइन आवेदन और बुकिंग प्रक्रिया प्रारम्भ की जा रही है।
उप कृषि निदेशक अश्विनी सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि यह योजना विशेष रूप से उन किसानों के लिए है, जो बसंतकालीन गन्ने की खेती के साथ जायद-2026 में उर्द अथवा मूंग की अन्तः फसली खेती करना चाहते हैं। किसानों को इसके लिए कृषि दर्शन-2 पोर्टल पर अनिवार्य रूप से आवेदन करना होगा।
20 दिसंबर से 20 जनवरी तक होगी बुकिंग
निःशुल्क बीज प्राप्त करने के लिए ऑनलाइन बुकिंग की तिथि 20 दिसंबर 2025 से निर्धारित की गई है, जो 20 जनवरी 2026 तक चलेगी। आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी और इसके लिए कृषि दर्शन-2 पोर्टल https://agridarshan.up.gov.in
पर उपलब्ध लिंक के माध्यम से बुकिंग की जाएगी।
कृषि विभाग के अनुसार, समय सीमा के बाद कोई भी आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा। इसलिए इच्छुक किसानों से अपील की गई है कि वे निर्धारित तिथियों के भीतर ही आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें।
लॉटरी के माध्यम से होगा किसानों का चयन
आवेदन करने वाले किसानों में से चयन ऑनलाइन लॉटरी प्रणाली के माध्यम से किया जाएगा। जनपद के लिए निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष प्राप्त आवेदनों में से चयनित किसानों को विकास खण्ड स्तरीय राजकीय कृषि बीज भण्डार से निःशुल्क बीज वितरित किए जाएंगे।
कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि बीज वितरण केवल चयनित किसानों को ही किया जाएगा और इसके लिए किसी प्रकार का शुल्क देय नहीं होगा।









