आगरा कैंट में युवक का शव मिलने से सनसनी

सिर पर चोट के निशान, हत्या की आशंका; तीन महीने पहले हुई थी शादी

आगरा। आगरा के थाना सदर क्षेत्र स्थित आगरा कैंट में बुधवार सुबह झाड़ियों में एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान सुल्तानपुरा निवासी 24 वर्षीय शोरू के रूप में हुई है। युवक के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, शोरू बुधवार सुबह करीब सात बजे काम पर जाने की बात कहकर घर से निकला था। इसके बाद उसका शव गांव के बाहर सोहल्ला क्षेत्र के पास झाड़ियों में पड़ा मिला। सुबह करीब नौ बजे स्थानीय लोगों ने खून से लथपथ शव देखा और पुलिस को सूचना दी।

मौके पर पहुंचे लोगों ने बताया कि मृतक का चेहरा बुरी तरह क्षत-विक्षत था। सिर और चेहरे पर गहरे घाव पाए गए हैं। प्रारंभिक आशंका है कि किसी भारी वस्तु से वार कर उसकी हत्या की गई है। घटनास्थल के आसपास खून के निशान भी मिले हैं, जिससे अंदेशा है कि वारदात वहीं अंजाम दी गई।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। बेटे की मौत की खबर सुनकर परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की शादी करीब तीन महीने पहले ही हुई थी। पति की मौत से सदमे में आई पत्नी की हालत भी बिगड़ गई, जिसे परिजनों ने संभाला।

मामले की जानकारी मिलते ही थाना सदर पुलिस, फोरेंसिक टीम और अन्य अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने साक्ष्य जुटाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button