मुरादाबाद में पीतल कारोबारी के खाते से 1.60 करोड़ की धोखाधड़ी

बाप-बेटे पर सिम लेकर रकम ट्रांसफर करने का आरोप

मुरादाबाद। जिले में पीतल कारोबारी के बैंक खाते से करीब 1.60 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। कटघर थाना क्षेत्र के कोहिनूर तिराहा निवासी अनीस अहमद और उसके बेटे अनस पर कारोबारी का सिम लेकर खाते से रकम का लेनदेन करने का आरोप है। पीड़ित की शिकायत पर कोर्ट के आदेश से साइबर क्राइम थाने में धोखाधड़ी और आईटी एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुरानी पहचान का फायदा उठाकर मांगा सिम

कटघर के अनवर हाउस, हाजी कॉलोनी निवासी पीतल कारोबारी मोहम्मद असलम ने पुलिस को बताया कि उनकी अनीस अहमद से पुरानी जान-पहचान थी। अनीस पर उनके कारोबार के 11 लाख रुपये भी उधार थे।

आरोप है कि 21 जनवरी 2024 को अनीस और उसके बेटे अनस ने असलम से कहा कि उनका सिम खराब हो गया है और बातचीत के लिए उन्हें सिम की जरूरत है। भरोसा करके असलम ने अपना सिम उन्हें दे दिया। 25 जनवरी तक सिम वापस नहीं मिला तो पूछने पर दोनों ने उसके खो जाने की बात कही।

खाते में आए 1.60 करोड़, फिर अलग-अलग खातों में ट्रांसफर

इसके बाद असलम ने उसी नंबर की नई सिम निकलवा ली। 18 सितंबर 2024 को उन्होंने नंबर से जुड़े आईडीएफसी बैंक खाते का स्टेटमेंट निकलवाया तो उसमें बड़े लेनदेन का पता चला।

शिकायत के मुताबिक, 21 से 24 जनवरी 2024 के बीच खाते में 1 करोड़ 60 लाख 2 हजार 391 रुपये जमा किए गए। इसके बाद 1 करोड़ 60 लाख 2 हजार 276 रुपये अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिए गए।

पूछने पर सिम बदलने की दी सलाह

असलम ने जब अनीस से खाते में हुए लेनदेन के बारे में जानकारी मांगी तो उसने कथित तौर पर सिम बदलने की सलाह दी। बाद में कारोबारी को पता चला कि गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने अनीस को साइबर ठगी के एक अन्य मामले में गिरफ्तार किया है।

पीड़ित ने पहले कटघर थाने में शिकायत की थी, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर सीजेएम कोर्ट का रुख किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button