चिकित्सीय व्यवस्थाओं और मरीजों की सुविधाओं का लिया जायजा

अम्बेडकरनगर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने गुरुवार को महामाया राजकीय एलोपैथिक मेडिकल कॉलेज, सदरपुर का निरीक्षण कर चिकित्सीय व्यवस्थाओं और मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का विस्तृत जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्त्री रोग विभाग, स्त्री रोग इमरजेंसी, ओपीडी वार्ड, प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र, अमृत फार्मेसी और नवजात शिशु गहन चिकित्सा इकाई (एनआईसीयू) सहित विभिन्न विभागों का दौरा किया।

दवाओं की उपलब्धता और व्यवस्था पर जोर

जिलाधिकारी ने अमृत फार्मेसी एवं प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र पर दवाओं की सूची और रेट लिस्ट स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि आमजन की सुविधा के लिए आवश्यक दवाओं की संख्या में वृद्धि की जाए ताकि मरीजों को किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।

मरीज और तीमारदारों से सीधे संवाद

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों से सीधे संवाद कर उपलब्ध चिकित्सीय सुविधाओं, दवाओं, भोजन–नाश्ता एवं अन्य सेवाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। मरीजों और तीमारदारों ने बताया कि उन्हें मेडिकल कॉलेज में समुचित एवं बेहतर सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। इसके साथ ही ठंड से बचाव के लिए मरीजों को कंबल उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी प्रभावी रूप से चल रही है।

परिवारों के लिए पृथक वार्ड और सुविधाएं

मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य ने बताया कि भर्ती मरीजों के साथ आने वाले परिजनों/तीमारदारों के लिए पृथक वार्ड की व्यवस्था की गई है। इसमें कंबल, बेड और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इसके साथ ही मेडिकल कॉलेज में डायलिसिस सेवा भी प्रारंभ की गई है। शीतलहर से बचाव के लिए परिसर में पर्याप्त संख्या में अलाव की व्यवस्था भी की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button