‘यूपी पुलिस मंथन’ पर अखिलेश यादव का तंज, भाजपा सरकार पर साधा निशाना

लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस मुख्यालय में आयोजित दो दिवसीय सम्मेलन ‘यूपी पुलिस मंथन’ को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने पुलिस मुख्यालय की भव्य इमारत की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करते हुए भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है।

अखिलेश यादव ने अपने पोस्ट में लिखा, “कभी तो एतबार कीजिए अपने काम पर, कोई अच्छा काम कीजिए अपने नाम पर।” उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार अपने नाम से कोई नया निर्माण नहीं कर रही है और पहले से बने भवनों में कार्यक्रम आयोजित कर श्रेय लेने की कोशिश कर रही है।

अपने बयान में अखिलेश यादव ने लोक भवन, आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे और सिग्नेचर बिल्डिंग का उल्लेख करते हुए कहा कि ये सभी परियोजनाएं समाजवादी पार्टी सरकार के कार्यकाल में बनी थीं, जिनका आज भाजपा सरकार इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा शासन में हुए निर्माणों की गुणवत्ता बेहद खराब है। कहीं छतें टपक रही हैं, कहीं दीवारें गिर रही हैं, तो कहीं पानी की टंकियां ध्वस्त हो जा रही हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री ने भाजपा शासनकाल में बने एक्सप्रेस-वे को लेकर भी कटाक्ष किया। उन्होंने लिखा कि “यात्राएं आराम की जगह पीठ दर्द के डॉक्टर तक पहुंचा देती हैं।”

पोस्ट के अंत में अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा, “सोच रहे हैं, कल वहां लड्डू भी बंटवा दें।” उनके इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है और ‘यूपी पुलिस मंथन’ सम्मेलन सियासी बहस का केंद्र बन गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button