नई दिल्ली। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने एअर इंडिया के एक पायलट को तकनीकी खराबी वाले विमान को उड़ाने के आरोप में शो-कॉज नोटिस भेजा है। मामला फ्लाइट AI-358 और AI-357 से जुड़ा है। DGCA ने कहा कि विमान में पहले से कई तकनीकी समस्याएं दर्ज थीं, लेकिन इसके बावजूद विमान को ऑपरेट किया गया।
तकनीकी खराबियों का विवरण
DGCA के अनुसार, AI-358 के दौरान PACK ACM L (लेफ्ट एयर साइकिल मशीन) और पैक मोड से जुड़ी चेतावनी मिली। इसके अलावा R2 दरवाजे के पास धुएं जैसी गंध की शिकायत भी हुई। यह प्रणालीगत खराबी पहले की पांच उड़ानों में भी दर्ज की गई थी।
नियमों का उल्लंघन
जांच में पता चला कि VT-ANI विमान मिनिमम एक्विपमेंट लिस्ट (MEL) के नियमों के अनुसार उड़ान के लिए अप्रूव नहीं था। इसके अलावा लोअर राइट रीसर्कुलेशन फैन से जुड़े नियमों का पालन नहीं किया गया। DGCA ने कहा कि पायलट और क्रू ने तकनीकी स्थिति और सुरक्षा जोखिम का सही आकलन नहीं किया।
आगे की कार्रवाई
DGCA ने पायलट को 14 दिन के भीतर जवाब देने को कहा है। अगर संतोषजनक जवाब नहीं मिला, तो एयरक्राफ्ट रूल्स और CAR के तहत सस्पेंशन या अन्य कार्रवाई की जा सकती है। जवाब न देने की स्थिति में DGCA एकतरफा फैसला लेने का अधिकार रखता है।








