सड़क सुरक्षा पर प्रशासन सख्त, अवैध कट दोबारा खुले तो सीधे मुकदमा

अम्बेडकरनगर। जनपद में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें अवैध कट, क्षतिग्रस्त पुलियों और दुर्घटना संभावित स्थलों की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान लोक निर्माण विभाग द्वारा जनपद के प्रमुख मार्गों पर की गई कार्रवाई की जानकारी दी गई। अधिशासी अभियंता ने बताया कि अयोध्या–बसखारी मार्ग पर कुल 34 अवैध कट बंद कराए जा चुके हैं, जबकि राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच-233 पर 8 अवैध कटों को पूरी तरह समाप्त किया गया है। इस पर जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि यदि बंद किए गए अवैध कटों को किसी भी व्यक्ति या संस्था द्वारा दोबारा खोला जाता है, तो संबंधित के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज कराया जाए। इस मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

अवैध कटों पर जीरो टॉलरेंस, जिम्मेदारी तय करने के निर्देश

जिलाधिकारी ने कहा कि अवैध कट सड़क दुर्घटनाओं का बड़ा कारण बनते हैं। इन्हें दोबारा खोलने की कोशिश करने वालों को सीधे कानून के दायरे में लाया जाए। उन्होंने पुलिस और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि नियमित निरीक्षण कर यह सुनिश्चित किया जाए कि बंद किए गए कट दोबारा न खुलें। साथ ही संबंधित थाना स्तर पर भी निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए।

क्षतिग्रस्त पुलियों पर तत्काल सुरक्षा इंतजाम

बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम को लेकर अन्य अहम बिंदुओं पर भी चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में जहां-जहां पुलियां क्षतिग्रस्त या जर्जर स्थिति में हैं, वहां तत्काल सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए रेलिंग, रिफ्लेक्टर, संकेतक बोर्ड और चेतावनी चिन्ह अनिवार्य रूप से लगाए जाएं। आवश्यकता पड़ने पर अस्थायी बैरिकेडिंग की व्यवस्था भी की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button