श्रवण कुमार की निर्वाण स्थली पर श्रवण धाम महोत्सव–2026 का भव्य आगाज

अंबेडकरनगर। जनपद अंबेडकरनगर के विकास खंड कटहरी स्थित महात्मा श्रवण कुमार की निर्वाण स्थली पर आयोजित तीन दिवसीय श्रवण धाम महोत्सव–2026 का रविवार को भव्य शुभारंभ हुआ। पूर्वाह्न में हवन–पूजन और विधिवत धार्मिक अनुष्ठानों के साथ महोत्सव की शुरुआत हुई। आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या में मौजूदगी रही। प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में कार्यक्रम औपचारिक रूप से प्रारंभ किया गया।

हवन–पूजन के साथ महोत्सव का उद्घाटन
महोत्सव के पहले दिन धार्मिक अनुष्ठानों को विशेष महत्व दिया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन–पूजन संपन्न हुआ। इसके उपरांत मुख्य मंच से सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ किया गया। आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने निर्वाण स्थली पर दर्शन–पूजन कर आस्था प्रकट की।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां
धार्मिक अनुष्ठानों के बाद शुरू हुए सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों का मन मोह लिया। स्थानीय कलाकारों ने भक्तिमय गीतों की प्रस्तुति देकर माहौल को आध्यात्मिक रंगों से भर दिया। लोकगायन और पारंपरिक धुनों पर आधारित प्रस्तुतियों को खूब सराहा गया।इसके साथ ही लोकनृत्य समूहों द्वारा प्रस्तुत नृत्य कार्यक्रमों ने दर्शकों को आकर्षित किया। पारंपरिक वेशभूषा, सजीव भाव–भंगिमाओं और लोकसंगीत के तालमेल ने सांस्कृतिक मंच को जीवंत बना दिया। बड़ी संख्या में मौजूद दर्शकों ने तालियों के साथ कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।

महिला सशक्तिकरण पर विशेष फोकस
महोत्सव के पहले दिन महिला सशक्तिकरण और सामाजिक जागरूकता को केंद्र में रखा गया। महिला गोष्ठी के अंतर्गत बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ विषय पर आधारित नुक्कड़ नाटकों का मंचन किया गया। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा और समान अधिकारों को लेकर संदेश दिया गया।
एनआरएलएम से जुड़े लाभार्थियों ने “अपनी कहानी–अपनी जुबानी” कार्यक्रम के तहत अपने अनुभव साझा किए। स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने आत्मनिर्भरता की दिशा में किए गए प्रयासों की जानकारी दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button