कानपुर सेंट्रल पर चलती ट्रेन में चढ़ते समय मां-बेटी गिरीं

महिला 10 मीटर तक घिसटी; RPF ने बचाई जान

  • बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस के चार कोच महिला के पास से गुजरे
  • यात्रियों ने चेन पुलिंग कर ट्रेन रुकवाई, CCTV में कैद हुई घटना

कानपुर। कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश के दौरान मां-बेटी हादसे का शिकार हो गईं। पैर फिसलने से बेटी प्लेटफॉर्म पर गिर गई, जबकि मां ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच जा गिरीं। वह करीब 10 मीटर तक घिसटती चली गईं। मौके पर मौजूद रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों की जान बचा ली। इस दौरान ट्रेन के चार कोच महिला के पास से गुजर गए। हादसे में महिला के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। पूरी घटना स्टेशन पर लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई।

चलती बिहार संपर्क क्रांति में चढ़ने की कोशिश

RPF के मुताबिक, घायल महिला की पहचान बिहार के शिवहर निवासी कलावती देवी के रूप में हुई है। वह गुरुवार को अपनी बेटी सुकून कुमारी के साथ कानपुर सेंट्रल स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-9 पर पहुंची थीं। इसी दौरान ट्रेन संख्या 12566 बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस चलने लगी।

जल्दबाजी में मां-बेटी ने चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश की। इसी दौरान कलावती देवी का पैर फिसल गया और वह ट्रेन तथा प्लेटफॉर्म के बीच पटरी पर गिर गईं। उनकी बेटी भी ट्रेन में चढ़ने की कोशिश करते समय प्लेटफॉर्म पर गिर गई।

RPF जवानों ने पहले बेटी को बचाया

घटना के समय RPF दरोगा हेमराज मीणा और अनिल कुमार गौतम स्टेशन पर गश्त कर रहे थे। उन्होंने सबसे पहले प्लेटफॉर्म पर गिरी बेटी को ट्रेन के नीचे जाने से बचाया। इसके बाद उनकी नजर ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच फंसी महिला पर पड़ी।

महिला को बचाने के लिए जवानों ने ट्रेन में सवार यात्रियों से चेन पुलिंग करने को कहा। यात्रियों ने तुरंत चेन खींची, जिसके बाद करीब 20 सेकेंड में ट्रेन रुक गई। इस दौरान ट्रेन के चार कोच महिला के पास से गुजर चुके थे।

गंभीर हालत में महिला को निकाला गया

ट्रेन रुकने के बाद RPF जवानों ने महिला को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे में उनके सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद स्टेशन पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। RPF की तत्परता और यात्रियों की मदद से मां-बेटी की जान बच सकी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button