बसखारी, अम्बेडकरनगर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बसखारी की हालत लगातार बिगड़ती जा रही है। इलाज के लिए पहुंच रहे मरीजों को यहां अव्यवस्थाओं, गंदगी और बुनियादी सुविधाओं की कमी का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल के वार्डों में फैली गंदगी, दुर्गंध, भरे हुए डस्टबिन और फर्श पर बिखरा कूड़ा साफ तौर पर नियमित सफाई व्यवस्था की विफलता को दर्शाता है।
अस्पताल में बेड उपलब्ध होने के बावजूद बेडशीट का गंभीर अभाव बना हुआ है। कई मरीजों को बिना चादर के लोहे के बेड पर लेटकर इलाज कराना पड़ रहा है। यह स्थिति स्वास्थ्य मानकों के विपरीत है और संक्रमण फैलने का खतरा भी बढ़ा रही है। इसके बावजूद व्यवस्थाओं में सुधार को लेकर कोई ठोस पहल नजर नहीं आ रही।
सब कुछ जानकारी में होने के आरोप
स्थानीय लोगों और अस्पताल से जुड़े सूत्रों का कहना है कि सीएचसी में व्याप्त अव्यवस्थाएं अधीक्षक की जानकारी में हैं। नियमों के अनुसार अस्पताल परिसर की साफ-सफाई, सुविधाओं की उपलब्धता, अनुशासन और समग्र निगरानी की जिम्मेदारी सीधे अधीक्षक की होती है। इसके बाद भी हालात में कोई सुधार न होना उनकी कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा है।
बताया जा रहा है कि लंबे समय से अस्पताल की बदहाली की शिकायतें सामने आ रही हैं, लेकिन न तो सफाई व्यवस्था दुरुस्त की गई और न ही आवश्यक संसाधनों की आपूर्ति सुनिश्चित की गई।
छतों पर मिली शराब की बोतलें, अनुशासन पर सवाल
मामला यहीं तक सीमित नहीं है। अस्पताल की छतों और ऊपरी हिस्सों में शराब की खाली बोतलें मिलने से स्थिति और गंभीर हो गई है। सूत्रों का दावा है कि मंगलवार और शनिवार को छोड़कर अन्य दिनों में एमसीएच विंग की ऊपरी मंजिल पर कथित तौर पर पार्टी होती है। इसमें बाहरी लोगों के साथ कुछ डॉक्टरों के शामिल होने की भी चर्चाएं हैं।








