
- पारा थाना क्षेत्र में ई-रिक्शा की टक्कर से महिला गंभीर रूप से घायल
- पुलिस ने चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की
लखनऊ। पारा थाना क्षेत्र, बुद्धेश्वर चौराहे के पास शुक्रवार को एक तेज रफ्तार ई-रिक्शा ने पैदल जा रही महिला को टक्कर मार दी। इस हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं और उन्हें तुरंत बुद्धेश्वर विमला अस्पताल एंड कैंसर सेंटर में भर्ती कराया गया।
पीड़ित महिला के पति धर्मेंद्र गुप्ता ने थाना पारा में तहरीर दी। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी सविता गुप्ता दोपहर करीब 12 बजे अपनी दुकान से बुद्धेश्वर चौराहे की ओर जा रही थीं। इसी दौरान पीछे से आ रहे ई-रिक्शा (संख्या UP32 ZN 3122) ने लापरवाही और तेज गति से उन्हें टक्कर मार दी।
स्थानीय लोगों ने तुरंत महिला को उठाकर अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने पति की शिकायत पर ई-रिक्शा चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।








