बीएनकेबी पीजी कॉलेज में 16वां जनपद स्तरीय राष्ट्रीय मतदाता दिवस संपन्न

अंबेडकरनगर। बीएनकेबी पीजी कॉलेज अकबरपुर में रविवार को 16वां जनपद स्तरीय राष्ट्रीय मतदाता दिवस–2026 उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अनुपम शुक्ला द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। कॉलेज परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, मतदाता और अधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत चित बहाल आदर्श बालिका इंटर कॉलेज पूरनपुर की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत और सरस्वती वंदना से हुई, जिससे वातावरण में सांस्कृतिक गरिमा का संचार हुआ। आयोजन का उद्देश्य मतदाता जागरूकता को बढ़ावा देना और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति लोगों को प्रेरित करना रहा।

जिलाधिकारी ने दिलाई मतदाता शपथ

राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी द्वारा उपस्थित विद्यार्थियों, अधिकारियों और मतदाताओं को लोकतंत्र के प्रति निष्ठा की शपथ दिलाई गई। शपथ के माध्यम से मतदाताओं ने स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण निर्वाचन में निर्भीक होकर अपने मताधिकार के प्रयोग का संकल्प लिया। सभी को धर्म, जाति, वर्ग, भाषा अथवा किसी भी प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना मतदान करने का संदेश दिया गया।

वरिष्ठ और नए मतदाताओं का सम्मान

कार्यक्रम के दौरान 80 वर्ष से अधिक आयु पूर्ण कर चुके वरिष्ठ मतदाताओं को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही विधानसभा क्षेत्र अकबरपुर में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाले पांच बीएलओ को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित किए गए बीएलओ में अनुपमा उपाध्याय, अमरावती, संगीता, धर्मेंद्र कुमार और राजितराम शामिल रहे।
इसके अलावा पहली बार मतदाता बने युवा मतदाताओं को भी मंच से सम्मान प्रदान किया गया, जिससे युवाओं में मतदान के प्रति उत्साह देखा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button