लखनऊ में रिटायर्ड एयरफोर्स अधिकारी पर रेस्टोरेंट में हमला

लखनऊ। सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र के शॉपिंग स्क्वायर-2 कॉम्प्लेक्स में मंगलवार रात को एक रिटायर्ड एयरफोर्स अधिकारी पर हमला हुआ। दो बदमाशों ने अधिकारी अवधेश कुमार पाठक (60) के माथे पर गोली मार दी। वह अपनी पत्नी के साथ रेस्टोरेंट बंद कर रहे थे।

घटना का विवरण

रात लगभग 10 बजे रेस्टोरेंट बंद करने के बाद अवधेश कुमार पाठक और उनकी पत्नी सामान कार तक ले जा रहे थे। तभी दो अज्ञात बदमाश दौड़ते हुए आए और अधिकारी से उनका नाम पूछा। जब उन्होंने पलटकर देखा, तो पहले बदमाश ने कहा, “यही है मारो।” इसके तुरंत बाद दूसरे बदमाश ने गोली चला दी। गोली रिटायर्ड अधिकारी की दाहिनी आंख के ऊपर माथे पर लगी और वह जमीन पर गिर गए।

पत्नी और लोगों ने अस्पताल पहुंचाया

घायल को उनकी पत्नी मिथिलेश ने स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत मेदांता अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।

पुलिस ने दर्ज की FIR

प्रभारी निरीक्षक राजीव रंजन उपाध्याय ने बताया कि घायल की पत्नी की शिकायत पर दो अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की छानबीन कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button