
- NEET परीक्षा रद्द होने पर लखनऊ में छात्रों का प्रदर्शन
- परिवर्तन चौक पर पुलिस ने रोका विरोध मार्च
- NTA के खिलाफ छात्रों ने की नारेबाजी
- पेपर लीक से छात्रों के भविष्य पर संकट का आरो
लखनऊ। लखनऊ में रविवार को NEET परीक्षा रद्द होने और पेपर लीक के विरोध में छात्रों ने जोरदार प्रदर्शन किया। नेशनल स्टूडेंट्स एंड यूथ्स फ्रंट (NSYF) के बैनर तले छात्रों ने परिवर्तन चौक से कलेक्ट्रेट तक विरोध मार्च निकालने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें परिवर्तन चौक पर ही रोक दिया।
NTA के खिलाफ छात्रों का गुस्सा
प्रदर्शनकारी छात्रों ने National Testing Agency (NTA) के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। छात्रों की मांग थी कि NTA को ब्लैकलिस्ट कर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाए। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और जिम्मेदारी तय करने की मांग उठाई।
छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ का आरोप
प्रदर्शन में शामिल अनिल राज कोरी ने कहा कि परीक्षा रद्द होने और पेपर लीक की घटनाओं से छात्रों का भविष्य खतरे में पड़ गया है। उन्होंने कहा कि सरकार और जिम्मेदार अधिकारियों के लिए परीक्षा रद्द करना आसान हो सकता है, लेकिन इसका मानसिक और शैक्षणिक प्रभाव छात्रों पर गंभीर पड़ता है।
उन्होंने कहा कि बार-बार पेपर लीक होने के बावजूद NTA को बड़ी परीक्षाओं की जिम्मेदारी देना सवाल खड़े करता है।
केंद्रीय शिक्षा मंत्री से इस्तीफे की मांग
छात्रों ने मांग की कि NTA को तत्काल बंद किया जाए और केंद्रीय शिक्षा मंत्री Dharmendra Pradhan नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दें। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि यदि समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो छात्रों का भरोसा परीक्षा प्रणाली से उठ जाएगा।
पुलिस ने रोका मार्च
प्रदर्शनकारियों ने परिवर्तन चौक से कलेक्ट्रेट तक मार्च निकालने की कोशिश की, लेकिन भारी पुलिस बल ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया। इस दौरान मौके पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही।









