खबर का असर: एलएलबी परीक्षा अनियमितता मामले में बड़ी कार्रवाई

अंबेडकरनगर। एलएलबी परीक्षा में सामने आई गंभीर अनियमितताओं के मामले में अब प्रशासनिक कार्रवाई तेज हो गई है। मंगलवार को तमसा संकेत में प्रकाशित खबर के बाद अकबरपुर स्थित बीएनकेवी पीजी कॉलेज की प्राचार्य शुचिता पांडेय के खिलाफ अकबरपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। यह कार्रवाई जिलाधिकारी के निर्देश पर नायब तहसीलदार की तहरीर के आधार पर की गई है।

औचक निरीक्षण में खुली थी परीक्षा व्यवस्था की पोल

बीएनकेवी पीजी कॉलेज में एलएलबी की परीक्षाएं आयोजित की जा रही हैं, जहां छह लॉ कॉलेजों के कुल 1663 परीक्षार्थी परीक्षा दे रहे हैं। इनमें सीबी सिंह लॉ कॉलेज, ठाकुर दीप नारायण सिंह स्मारक लॉ कॉलेज, शिवम कॉलेज ऑफ लॉ, एसएसबी सिंह लॉ कॉलेज, राम अवध स्मारक लॉ कॉलेज और फूला देवी चंद्रधर मिश्रा लॉ कॉलेज शामिल हैं।

2 फरवरी को एसडीएम सदर द्वारा किए गए औचक निरीक्षण में परीक्षा व्यवस्था पूरी तरह अव्यवस्थित पाई गई थी। टीन शेड में बने परीक्षा कक्षों में सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे थे। कक्ष संख्या 03 के सामने लगी गैलरी में स्थापित कैमरे धुंधले पाए गए, जिससे निगरानी व्यवस्था निष्प्रभावी नजर आई।

सिटिंग प्लान ध्वस्त, झुंड में बैठे मिले परीक्षार्थी

निरीक्षण के दौरान सिटिंग प्लान मानक के अनुरूप नहीं मिला। एक-एक मेज पर आठ से दस परीक्षार्थी आमने-सामने समूह में बैठकर परीक्षा देते पाए गए। निरीक्षण टीम के पहुंचते ही परीक्षार्थियों ने सीट बदलने का प्रयास किया, लेकिन केंद्र पर निर्धारित मानकों के अनुसार बैठने की व्यवस्था ही मौजूद नहीं थी।

कक्ष निरीक्षकों के अभिलेख अधूरे

परीक्षा केंद्र पर तैनात कक्ष निरीक्षकों और आंतरिक सचल दल से संबंधित कोई भी पूर्ण अभिलेखीय विवरण उपलब्ध नहीं था। ड्यूटी रजिस्टर में प्रथम पाली के लिए 43 कक्ष निरीक्षकों के नाम और हस्ताक्षर दर्ज मिले, लेकिन उनकी तैनाती और निगरानी से जुड़ी स्पष्ट जानकारी नहीं पाई गई। इससे परीक्षा संचालन की पारदर्शिता पर सवाल खड़े हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button