
लाखों रुपये के गहने और नकदी पर किया हाथ साफ
घर में खड़ी बुलेट बाइक भी चोरी
परिवार बाहर गया था, सूना मकान देख घुसे चोर
लखनऊ। सरोजनीनगर थाना क्षेत्र में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर घर से नकदी, कीमती गहने और बुलेट बाइक चुराकर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हिन्दूखेड़ा, अमौसी निवासी रईस अहमद एक निजी सीमेंट कंपनी में सेल्स मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि 6 फरवरी को वह अपनी पत्नी और बेटे के साथ फतेहपुर जिले के जहानाबाद गए थे। इस दौरान उनका मकान बंद पड़ा था।
7 फरवरी की शाम करीब छह बजे जब परिवार घर लौटा, तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। घर के अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था और कई कमरों की लाइटें जल रही थीं। इससे साफ है कि चोरों ने घर में काफी देर तक रहकर वारदात को अंजाम दिया।
पीड़ित के अनुसार, चोर घर में खड़ी बुलेट बाइक के अलावा अलमारी में रखे करीब 13 लाख रुपये के गहने और 2 लाख 70 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए। सूचना मिलने पर सरोजनीनगर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही चोरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।








