
लखनऊ। राजधानी के चौक इलाके में देर रात नशेबाजों ने जमकर उत्पात मचाया। नशा करने से मना किए जाने पर स्मैकियों ने ट्रैफिक पुलिस के लोहे के बूथ में आग लगा दी। इस घटना में बूथ के अंदर रखा पूरा सामान जलकर राख हो गया। सुबह घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
घटना देर रात की बताई जा रही है। सुबह जब ट्रैफिक पुलिस कर्मी ड्यूटी पर पहुंचे, तो पक्का पुल की ओर जाने वाले मार्ग पर स्थित ट्रैफिक बूथ जला हुआ मिला। बूथ के भीतर रखी कुर्सियां, दस्तावेज और अन्य सामग्री पूरी तरह नष्ट हो चुकी थी। इसके बाद ट्रैफिक पुलिस ने तत्काल उच्च अधिकारियों को मामले की सूचना दी।
इंस्पेक्टर चौक के अनुसार, बीती रात कुछ अराजक तत्व चौकी के पीछे आग ताप रहे थे। इसी दौरान आग भड़क गई, जिससे ट्रैफिक पुलिस के लोहे के बूथ में आग लग गई। प्रथम दृष्टया मामला नशेबाजों की लापरवाही और उत्पात से जुड़ा माना जा रहा है। फिलहाल आरोपियों की पहचान की जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि चौक क्षेत्र में पक्का पुल से लेकर चौक चौराहे तक की सड़क लंबे समय से स्मैकियों का अड्डा बनी हुई है। शाम होते ही सड़क किनारे कई गुटों में लोग बैठकर खुलेआम नशा करते हैं। करीब एक किलोमीटर के दायरे में कई स्थानों पर नशेबाजों के जमावड़े लगते हैं, जिससे राहगीरों और दुकानदारों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
हालांकि पुलिस द्वारा समय-समय पर नशेबाजों के खिलाफ अभियान भी चलाया गया है, लेकिन इसके बावजूद क्षेत्र में नशे का कारोबार और नशेबाजों की गतिविधियां थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ट्रैफिक बूथ में आग लगने की इस घटना ने पुलिस की कार्रवाई और निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।









