अकबरपुर में तेज रफ्तार बोलेरो की टक्कर से तीन वर्षीय मासूम की मौत

अम्बेडकरनगर। अकबरपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह सड़क हादसे में तीन वर्षीय अयांश की मौत हो गई। घटना लालपुर के पास की है, जहां बच्चा अपने घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार बोलेरो ने उसे टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बोलेरो तेज गति से गुजर रही थी। सड़क किनारे खेल रहे अयांश को वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग और परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और बच्चे को उपचार के लिए जिला अस्पताल ले गए।

अस्पताल में उपचार के दौरान तोड़ा दम

जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने अयांश को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। दुर्घटना के बाद बोलेरो चालक वाहन सहित मौके से फरार बताया जा रहा है।

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई। दुर्घटना के कारणों की पड़ताल की जा रही है। क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि वाहन और चालक की पहचान की जा सके।

परिवार में मचा कोहराम

मृतक अयांश अपने पिता जिला जीत की पांच संतानों में इकलौता बेटा था। उसकी चार बहनें हैं। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। परिजन घटना से आहत हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button