मेयर ने नगर आयुक्त को पत्र लिखकर बैठक बुलाने का आदेश दिया

लखनऊ। लखनऊ मेयर सुषमा खर्कवाल ने नगर आयुक्त गौरव कुमार को पत्र लिखकर नगर निगम की कार्यकारिणी और सामान्य सदन बुलाने का आदेश दिया है। पत्र में स्पष्ट किया गया कि 13 नवंबर को कार्यकारिणी बैठक होगी, जो पिछली दो बार रद्द हो चुकी थी।

इसके अलावा 4 और 9 सितंबर 2025 को हुए सामान्य सदन की बैठक में पास हुए प्रस्तावों की मंजूरी न मिलने पर 14 नवंबर को फिर से सदन बुलाया जाएगा। इस बैठक में पिछले प्रस्तावों पर चर्चा और उनकी पुष्टि की जाएगी।

मेयर का आरोप – अधिकारियों को शहर के विकास की चिंता नहीं

सुषमा खर्कवाल ने कहा कि नगर निगम प्रशासन शहर के विकास की चिंता नहीं कर रहा है, इसलिए उन्होंने खुद पत्र लिखकर बैठक बुलाने की मांग की। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अब प्रत्येक बैठक में सभी सदस्यों और अधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य होगी।

कार्यकारिणी बैठक की तैयारी और अनुपस्थिति पर नोटिस

मेयर के निर्देश के अनुसार, 13 नवंबर को सुबह 11 बजे कार्यकारिणी की बैठक होगी। इस दौरान अनुपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों की सूची तैयार कर नोटिस जारी किया जाएगा।

विवाद के बीच रुके प्रस्तावों पर फिर से चर्चा

नगर निगम की सामान्य सदन बैठक 4 और 9 सितंबर 2025 को हुई थी। पास हुए प्रस्तावों पर मेयर की अंतिम सहमति न बनने के कारण विवाद उत्पन्न हुआ और प्रस्ताव रुके रहे। अब 14 नवंबर को 11 बजे होने वाली बैठक में इन प्रस्तावों पर फिर से चर्चा होगी और उनकी पुष्टि की जाएगी।

मेयर ने संबंधित विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों को समय पर और पूर्ण तैयारी के साथ उपस्थित रहने का निर्देश भी दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button