अम्बेडकरनगर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने तहसील टांडा का निरीक्षण कर विभिन्न पटलों एवं अनुभागों की कार्यप्रणाली तथा शासन की योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान समग्र प्रगति संतोषजनक पाई गई जिलाधिकारी ने शासन के निर्देशों के क्रम में तहसील के आरके पटल, भूलेख अनुभाग, अभिलेखागार, नजारत अनुभाग, संग्रह अनुभाग, आपूर्ति अनुभाग आदि का निरीक्षण किया। इस दौरान फार्मर रजिस्ट्री की स्थिति की जानकारी ली गई तथा कंप्यूटर कक्ष में खतौनी की नकल, स्वामित्व योजना आदि की प्रगति की समीक्षा की गई। कृषक दुर्घटना बीमा योजना के अंतर्गत लंबित पत्रावलियों को एक सप्ताह के भीतर निस्तारित करने के निर्देश दिए गए। राजस्व वसूली की समीक्षा में तहसील टांडा में निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष 81 प्रतिशत वसूली पूर्ण एवं संतोषजनक पाई गई। जिलाधिकारी ने कृषक पट्टा, मत्स्य पट्टा, अंश निर्धारण, सार्वजनिक भूमियों को अतिक्रमण मुक्त कराने तथा धारा 67 के अनुपालन की स्थिति की भी समीक्षा की। उन्होंने अभियान चलाकर सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने तथा अवशेष सभी तालाबों का नियमानुसार मत्स्य पट्टा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, जिससे राजस्व में और वृद्धि हो।








