जनपद में सुना गया ‘मन की बात’ का 132वां एपिसोड

अंबेडकरनगर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 132वें एपिसोड को रविवार को जिले भर में सुना गया। भाजपा संगठन की ओर से बूथ स्तर पर इसका आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन जिलाध्यक्ष त्रयंबक तिवारी के मार्गदर्शन और जिला महामंत्री दिलीप पटेल देव के संयोजन में हुआ।

भाजपा पूर्व जिलाध्यक्ष कपिल देव वर्मा ने विधानसभा टांडा के सुलेमपुर बूथ पर कार्यकर्ताओं के साथ कार्यक्रम सुना। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चल रहे संघर्षों को लेकर चिंता जताई है। अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच जारी तनाव का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि वैश्विक स्थिति चुनौतीपूर्ण बनी हुई है।

कार्यक्रम में बताया गया कि मार्च माह में विभिन्न क्षेत्रों में संघर्ष की स्थिति बनी रही। प्रधानमंत्री ने कहा कि इन परिस्थितियों से निकलकर दुनिया आगे बढ़ेगी। साथ ही ऊर्जा आपूर्ति पर पड़ने वाले प्रभाव का भी जिक्र किया गया।

प्रधानमंत्री ने नागरिकों से एकजुट रहने और ऐसे मुद्दों का राजनीतिकरण न करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह देश के व्यापक हित से जुड़ा विषय है। खाड़ी देशों में रह रहे भारतीयों की सुरक्षा और सहयोग के लिए वहां की सरकारों का आभार भी व्यक्त किया गया।

जिला मीडिया प्रभारी बाल्मीकि उपाध्याय के अनुसार, जनपद के 1478 बूथों पर करीब 13,967 लोगों ने कार्यक्रम सुना। इसमें विभिन्न जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button