लखनऊ में स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को बड़ी राहत

लखनऊ। लखनऊ में स्मार्ट मीटर उपयोग करने वाले उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। अब यदि किसी उपभोक्ता का बिजली कनेक्शन स्मार्ट मीटर के कारण कट जाता है, तो बिल जमा करने के महज 2 घंटे के भीतर कनेक्शन दोबारा जोड़ दिया जाएगा।

यह जानकारी मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (MVVNL) की एमडी रिया केजरीवाल ने मंगलवार को दी।

उन्होंने बताया कि यदि किसी उपभोक्ता का बिजली बिल नेगेटिव में चला जाता है, तो अब केवल 3 दिन का ही ग्रेस पीरियड मिलेगा। इस दौरान भुगतान न करने पर कनेक्शन कट सकता है।

उपभोक्ताओं को सभी सुविधाएं और जानकारी देने के लिए यूपीपीसीएल स्मार्ट ऐप डाउनलोड करना जरूरी होगा। इस ऐप के जरिए बिल, कनेक्शन स्टेटस और अन्य सेवाओं की जानकारी आसानी से मिल सकेगी।

एमडी ने बताया कि स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए लगाए जा रहे हैं, जिससे ह्यूमन इंटरफेस कम हुआ है और काम की पारदर्शिता बढ़ी है। अब उपभोक्ताओं को लाइनमैन के पीछे भागने की जरूरत नहीं होगी, क्योंकि अधिकतर सेवाएं डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध हैं।

स्मार्ट मीटर में रीडिंग को लेकर उठ रहे सवालों पर उन्होंने कहा कि मध्यांचल क्षेत्र में 69 हजार चेक मीटर लगाए गए हैं, लेकिन किसी भी मीटर में अंतर नहीं पाया गया है।

हालांकि, उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि कुछ मामलों में कनेक्शन कटने के बाद दोबारा जोड़ने में दिक्कतें आई हैं। इस पर सुधार के लिए लगातार काम किया जा रहा है।

अब तक क्षेत्र में करीब 3.46 लाख स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं, जिनमें से 52 हजार शिकायतों के बाद बदले भी गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button