मेरठ में शराब पीने के बाद तीन की मौत, लोगों में आक्रोश

मेरठ: मेरठ के दौराला थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम को हुई एक दर्दनाक घटना ने इलाके में हड़कंप मचा दिया। जानकारी के मुताबिक, सरस्वती कॉलोनी के किराना कारोबारी बाबूराम (60) और उनके कर्मचारी जितेंद्र (45) व अंकित उर्फ दौलत (32) ने स्थानीय सरकारी ठेके से देशी शराब खरीदी और साथ में सेवन किया।

शराब पीने के कुछ समय बाद तीनों को उल्टी और पेट में तेज दर्द की शिकायत हुई। आनन-फानन में उन्हें पास के प्राइवेट आर्यावर्त अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान तीनों ने दम तोड़ दिया।

बाबूराम के परिवार और परिजनों ने अस्पताल में हंगामा किया। सूचना मिलने पर डीएम डॉ. वीके सिंह, एसएसपी अविनाश पांडेय और जिला आबकारी अधिकारी प्रदीप कुमार टीम के साथ अस्पताल पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। इसके बाद पुलिस ने शराब की दुकान पर छापा मारकर सेल्समैन समेत दो को हिरासत में लिया।

तीनों मृतकों में सरस्वती कॉलोनी के बाबूराम के अलावा, जितेंद्र वार्ड संख्या 12 दयानंदपुरी और अंकित उर्फ दौलत सरस्वती कॉलोनी के निवासी थे। घटना ने इलाके में भारी आक्रोश और चिंता पैदा कर दी है।

पुलिस मामले की जांच कर रही है और शराब में मिलावट की संभावना को भी खंगाला जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button