
पाली (तखतगढ़): राजस्थान के पाली जिले के तखतगढ़ कस्बे में दोस्ती की एक भावुक कर देने वाली मिसाल सामने आई है। यहां दो बुजुर्ग सहेलियों ने जीवन ही नहीं, बल्कि मौत के बाद भी साथ नहीं छोड़ा।
5 घंटे में दूसरी सहेली ने भी तोड़ा दम
जानकारी के अनुसार, नागचौक इलाके में रहने वाली जेठी बाई और उनकी पड़ोसी भीकीबाई के बीच दशकों पुरानी गहरी दोस्ती थी। जब एक सहेली का निधन हुआ, तो दूसरी यह सदमा सहन नहीं कर सकी और महज 5 घंटे के भीतर उसने भी प्राण त्याग दिए।
सालों पुरानी थी दोनों की दोस्ती
मोहल्ले के लोगों के मुताबिक, दोनों अक्सर मजाक में कहती थीं कि अगर उनमें से कोई पहले जाएगा, तो दूसरी भी साथ जाएगी। उनकी यह बात सच साबित हो गई।
एक ही चिता पर हुआ अंतिम संस्कार
रविवार को दोनों सहेलियों का अंतिम संस्कार एक ही चिता पर किया गया। इस दृश्य को देखकर पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई और लोगों की आंखें नम हो गईं।









