
- बिल्हौर क्षेत्र में देर रात भीषण सड़क हादसा
- आमने-सामने भिड़ीं दो बाइक, 3 की मौके पर मौत
- 2 गंभीर घायल, कानपुर रेफर
कानपुर: कानपुर के बिल्हौर थाना क्षेत्र स्थित उत्तरीपुरा कस्बे में शुक्रवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवती समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा रात करीब 12 बजे जीटी रोड पर यूनियन बैंक के पास हुआ, जब दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और सभी सवार सड़क पर जा गिरे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पांचों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) शिवराजपुर पहुंचाया।
डॉक्टरों ने जांच के बाद रघुवर (21), जतिन राठौर (20) और ओमजी (23) को मृत घोषित कर दिया। वहीं राहुल और उनकी बहन कविता को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में कानपुर रेफर कर दिया गया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों बाइकों पर सवार युवक बिना हेलमेट के थे। इसी वजह से उन्हें सिर में गंभीर चोटें आईं, जो उनकी मौत का कारण बनीं। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। सीएचसी शिवराजपुर पहुंचे परिजन अपने बच्चों की मौत की खबर सुनकर बेसुध हो गए। पूरे कस्बे में शोक की लहर फैल गई है।
बताया जा रहा है कि उत्तरीपुरा निवासी ओमजी बचपन से ही संघर्ष कर रहे थे। पिता के निधन के बाद वह मेडिकल स्टोर चलाकर परिवार का पालन-पोषण कर रहे थे। उनके परिवार में मां और दो बहनें हैं, जिनका अब सहारा छिन गया।









