इंजेक्शन लगते ही बिगड़ी हालत, 12 साल के बच्चे की मौत

कन्नौज/कानपुर। कानपुर के चुन्नीगंज स्थित अपोलो हॉस्पिटल में इलाज के दौरान 12 साल के बच्चे की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। परिजनों का आरोप है कि इंजेक्शन लगने के तुरंत बाद बच्चे की हालत बिगड़ गई और उसने दम तोड़ दिया।

मृतक की पहचान अर्सलान (12) के रूप में हुई है, जो कन्नौज जिले के गुरसहायगंज का रहने वाला था।

टीबी का चल रहा था इलाज

बच्चे के पिता मोहम्मद राशिद के अनुसार, अर्सलान को टीबी की बीमारी थी। 29 मार्च को तबीयत खराब होने पर उसे पहले चेस्ट विशेषज्ञ डॉ. संदीप कटियार की क्लीनिक पर दिखाया गया। प्राथमिक जांच में कोई गंभीर समस्या सामने नहीं आई।

डॉक्टर की सलाह पर ही बच्चे को अपोलो हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया।

भर्ती के बाद सामान्य थी हालत

परिजनों का कहना है कि 29 मार्च की शाम करीब 5:30 बजे बच्चे को अस्पताल में भर्ती कराया गया और 5 हजार रुपये एडवांस जमा किए गए।

राशिद के मुताबिक, भर्ती के बाद बच्चा सामान्य था। उसने रात में खाना खाया और परिवार से बातचीत भी करता रहा।

पैसों को लेकर हुआ विवाद

परिवार का आरोप है कि अगले दिन 30 मार्च को अस्पताल प्रबंधन ने 20 हजार रुपये और जमा करने को कहा। रुपए जमा न करने पर इलाज रोकने की चेतावनी दी गई, जिसको लेकर परिजनों और अस्पताल स्टाफ के बीच कहासुनी भी हुई।

इंजेक्शन के बाद बिगड़ी हालत

पिता के अनुसार, इसी दौरान बच्चे को एक इंजेक्शन लगाया गया, जिसके तुरंत बाद उसकी हालत बिगड़ गई और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button