
अंबेडकर नगर में गन्ने की फसल पर इन दिनों चोटी बेधक (टॉप बोरर) और अर्ली शूट बोरर का प्रकोप बढ़ने लगा है। इसे देखते हुए गन्ना विभाग ने किसानों के लिए एडवाइजरी जारी की है। विभाग ने बताया कि इस समय चोटी बेधक कीट की द्वितीय पीढ़ी सक्रिय है, जो फसल को नुकसान पहुंचा सकती है।
कैसा होता है चोटी बेधक कीट
विभाग के अनुसार इस कीट की मादा शलभ चांदी जैसी सफेद होती है। इसके पिछले हिस्से में नारंगी रंग की रोयेदार संरचना पाई जाती है। यह कीट रात में सक्रिय रहता है और गन्ने की पत्तियों की मध्य शिरा के पास 75 से 250 तक अंडे देता है। अंडों से निकलने वाली सूंडियां पत्तियों को खाकर फसल को नुकसान पहुंचाती हैं।
प्रभावित क्षेत्रों में सतर्कता जरूरी
गन्ना विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि वे अपने खेतों और आसपास के क्षेत्रों की नियमित निगरानी करें। जहां भी सूंडियां दिखाई दें, वहां तुरंत प्रभावित पत्तियों को तोड़कर नष्ट कर दें। इससे कीट के फैलाव को रोका जा सकता है।
रासायनिक नियंत्रण के उपाय
एडवाइजरी में रासायनिक उपाय भी बताए गए हैं। किसानों को सलाह दी गई है कि क्लोरोपाइरीफॉस 20 प्रतिशत ईसी की 5 लीटर मात्रा को 1875 लीटर पानी में मिलाकर प्रति हेक्टेयर के हिसाब से खेत में ड्रेंचिंग कर सिंचाई करें।









