
- महिला समेत दो पीड़ितों से करीब 12 लाख रुपये की ठगी
- साइबर थाना पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
- बैंक खातों और डिजिटल ट्रांजैक्शन की जांच शुरू
देवरिया। देवरिया में साइबर ठगी के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। ताजा मामलों में साइबर ठगों ने शेयर मार्केट में निवेश कर मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर एक महिला समेत दो लोगों से करीब 12 लाख रुपये ठग लिए। पीड़ितों की शिकायत पर साइबर थाने की पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि डिजिटल ट्रांजैक्शन और बैंक खातों की जांच के आधार पर जल्द ही आरोपितों तक पहुंचा जाएगा।
टेलीग्राम मैसेज से फंसाया जाल में
पहला मामला सलेमपुर उपनगर के हरैया लाला गांव का है। यहां के रहने वाले संतोष कुमार को टेलीग्राम पर शेयर ट्रेडिंग से मोटा मुनाफा कमाने का मैसेज मिला। साइबर ठगों ने उन्हें ऑनलाइन ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म से जोड़ने और कम समय में अधिक लाभ दिलाने का भरोसा दिया। झांसे में आकर संतोष कुमार ने अलग-अलग बैंक खातों में कुल 7 लाख 70 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। बाद में उन्हें ठगी का एहसास हुआ, जिसके बाद उन्होंने पुलिस अधीक्षक से शिकायत की। एसपी के निर्देश पर साइबर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया।
महिला से भी लाखों की ठगी
दूसरा मामला भटनी थाना क्षेत्र के जिगनी गांव का है। यहां के अभिषेक कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी पत्नी रेनू यादव के मोबाइल पर शेयर मार्केट निवेश से जुड़ा एक संदिग्ध लिंक आया था। लिंक पर संपर्क करने के बाद साइबर ठगों ने उन्हें अधिक मुनाफे का लालच दिया। इसके बाद रेनू यादव ने विभिन्न खातों में 4 लाख 29 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। कुछ समय बाद उन्हें भी ठगी की जानकारी हुई और उन्होंने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई।
बैंक खातों और ट्रांजैक्शन की जांच में जुटी पुलिस
साइबर पुलिस दोनों मामलों में बैंक खातों और डिजिटल ट्रांजैक्शन का विवरण खंगाल रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही साइबर गिरोह के सदस्यों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।









