अम्बेडकरनगर हादसा: शादी से 6 दिन पहले दूल्हे की दर्दनाक मौत

तेज रफ्तार पिकअप टैंकर से टकराई, केबिन में फंसा युवक, मौत

अम्बेडकरनगर : उत्तर प्रदेश के अम्बेडकरनगर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां शादी से महज 6 दिन पहले एक युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया है।

जानकारी के मुताबिक, अकबरपुर थाना क्षेत्र के पहितीपुर गांव निवासी 26 वर्षीय मनोज यादव सोमवार तड़के सब्जियां लेकर थोक मंडी जा रहे थे। रोज की तरह वह अपनी पिकअप गाड़ी से शहजादपुर मंडी की ओर निकले थे, लेकिन रास्ते में कसेरुआ गांव के पास एक बड़ा हादसा हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पिकअप की रफ्तार तेज थी और अचानक आगे चल रहे टैंकर ने ब्रेक लगा दी। इससे अनियंत्रित होकर पिकअप सीधे टैंकर में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि 7 फीट लंबी पिकअप का अगला हिस्सा बुरी तरह पिचक गया और लगभग 4 फीट का रह गया। मनोज केबिन में ही बुरी तरह फंस गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन शव निकालना आसान नहीं था। करीब 45 मिनट की मशक्कत के बाद जेसीबी की मदद से गाड़ी को काटकर शव बाहर निकाला गया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। पुलिस के अनुसार, जिस टैंकर से टक्कर हुई उसमें ज्वलनशील केमिकल भरा हुआ था। राहत की बात यह रही कि टक्कर के बावजूद कोई विस्फोट नहीं हुआ, वरना नुकसान और भी बड़ा हो सकता था।

मनोज यादव की शादी 26 अप्रैल को तय थी और घर में तैयारियां जोरों पर चल रही थीं। परिवार में सबसे छोटे होने के कारण वह घर की बड़ी जिम्मेदारी संभाल रहे थे। इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button