
- Kanpur में मर्डर-लूटकांड से सनसनी
- नौकरानी और उसकी भांजी समेत 6 लोग हिरासत में
- पुलिस जांच का फोकस घर के अंदरूनी लोगों पर
कानपुर। उत्तर प्रदेश के Kanpur में लेक्चरर की पत्नी निर्मला सिंह की हत्या और लूटकांड के मामले में पुलिस अब खुलासे के करीब पहुंचती नजर आ रही है। इस सनसनीखेज वारदात में पुलिस की जांच का दायरा लगातार सिमटता जा रहा है और अब शक की सुई घर में काम करने वाली नौकरानी और उसके करीबी लोगों पर आकर टिक गई है।
पुलिस ने नौकरानी ऊषा, उसकी भांजी समेत कुल छह संदिग्धों को हिरासत में लिया है और उनसे सख्ती से पूछताछ की जा रही है। जांच में पुलिस इन सभी की लोकेशन, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की बारीकी से पड़ताल कर रही है। अधिकारियों का दावा है कि जैसे ही पुख्ता सबूत मिलेंगे, इस पूरे मर्डर-लूटकांड का खुलासा कर दिया जाएगा।
डीसीपी वेस्ट के अनुसार, जांच तेजी से आगे बढ़ रही है और जल्द ही पूरे मामले का पर्दाफाश होगा। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि कहीं इस वारदात में अंदर की जानकारी रखने वाले लोगों की भूमिका तो नहीं है।
इस बीच, शुक्रवार को मृतका निर्मला सिंह का पोस्टमॉर्टम कराया गया। देर रात उनका बेटा प्रसून, बेटियां पूजा और प्राची, तथा दामाद शिवम कानपुर पहुंचे। परिवार के सदस्यों ने भी इस घटना को लेकर कई अहम सवाल उठाए हैं।









